• Helpline No :
  • |
  • Email: admissions@igu.ac.in
  • A+
  • A
  • A-
IGU

इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में 13 जुलाई को होगी जिला स्तरीय 5 किलोमीटर नशा मुक्ति जागरूकता मैराथन।

Published on: 08 Jul 2026

*इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में 13 जुलाई को होगी जिला स्तरीय 5 किलोमीटर नशा मुक्ति जागरूकता मैराथन।*


युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उद्देश्य से इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी के विद्यार्थी कल्याण विभाग (DSW) एवं यूथ रेड क्रॉस (YRC) द्वारा जिला एड्स नियंत्रण समिति, रेवाड़ी के सहयोग से 13 जुलाई 2026 सुबह 7 बजे विश्वविद्यालय परिसर में जिला स्तरीय 5 किलोमीटर "ड्रग एब्यूज अवेयरनेस मैराथन (RED RUN)" का आयोजन किया जाएगा। 

अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. करण सिंह ने बताया कि कुलपति प्रो. असीम मिगलानी एवं कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में यह मैराथन आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा समाज में नशा मुक्ति के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाना है। उन्होंने बताया कि 17 से 25 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी युवा इस मैराथन में भाग ले सकता है व इसका पंजीकरण निशुल्क है।

इस अवसर पर जिला एड्स नियंत्रण समिति, रेवाड़ी की ओर से मेडिकल ऑफिसर डॉ. आशीष ने बताया कि हरियाणा सरकार की पहल पर प्रदेश के सभी जिलों में नशा मुक्ति जागरूकता के उद्देश्य से इस प्रकार की मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र दहिया एवं उप सिविल सर्जन डॉ. संदीप यादव के निर्देशन में रेवाड़ी जिले की मैराथन का आयोजन इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर में किया जाएगा। आयोजन टीम में मेडिकल ऑफिसर डॉ. खुशबू यादव भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

विश्वविद्यालय की ओर से निदेशक छात्र कल्याण प्रो. अदिति शर्मा तथा सहायक निदेशक छात्र कल्याण डॉ. सुशांत यादव, वाईआरसी प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर प्रो. समृद्धि आयोजन की समस्त व्यवस्थाओं एवं समन्वय की जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं।

इस प्रतियोगिता में 17 से 25 वर्ष आयु वर्ग के इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय एवं रेवाड़ी जिले के सभी युवा भाग ले सकते हैं। पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए पृथक-पृथक पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। 

प्रथम पुरस्कार **₹2,500**, द्वितीय **₹1,500**, 

तृतीय **₹1,000**, 

चतुर्थ **₹500** तथा 

पंचम **₹500** प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शीर्ष छह विजेता (तीन पुरुष एवं तीन महिला) रेवाड़ी जिले का प्रतिनिधित्व राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे।

इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए ऑनलाइन पंजीकरण लिंक के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए dean.dsw@igu.ac.in पर संपर्क किया जा सकता है। 

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी पात्र विद्यार्थियों से इस जन-जागरूकता अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।